प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेवर पहुंचे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे और उन्होंने पीएम मोदी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर इसकी खासियतों का जायजा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं।” उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया और प्रधानमंत्री मोदी को यूपी को नई ऊंचाई देने के लिए धन्यवाद दिया। सीएम ने कहा कि दुनियाभर में इस समय तेल की कीमतों से संकट है, लेकिन पीएम मोदी ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर देशवासियों को राहत दी है।
इसके बाद पीएम मोदी ने रिमोट के जरिए एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा, “जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आपको करना है। मैंने केवल पर्दा हटाया है। अपने मोबाइल की लाइट जलाइए और उद्घाटन कीजिए।” इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री भी मौजूद रहे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत का सबसे बड़ा और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। फेज-1 में 3,300 एकड़ क्षेत्र में टर्मिनल और रनवे बनाया गया है। एक रनवे के साथ टर्मिनल की सालाना क्षमता 3 करोड़ यात्रियों की होगी। इसकी कुल लागत लगभग 11,000 करोड़ रुपये है। पूरा एयरपोर्ट 52 वर्ग किलोमीटर में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट चीन का बीजिंग डेक्सिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जिसका क्षेत्रफल 47 वर्ग किलोमीटर है। एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट संचालन मई से शुरू हो सकता है और सबसे बड़ी विशेषता यह है कि एंट्री के बाद 20 मिनट से कम समय में बोर्डिंग संभव होगी।