रिपोर्ट– अमित रावत, झाँसी
झाँसी में खनन माफियाओं के हौसले दिन–ब–दिन बढ़ते जा रहे हैं। गरौठा तहसील के कुडरी घाट पर नदी की जलधारा रोककर खुलेआम अवैध बालू खनन किया जा रहा है। भारी मशीनों और प्रतिबंधित पनडुब्बियों की मदद से नदी का सीना चीरकर NGT के नियमों की खुली अवहेलना की जा रही है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि खनन का पट्टा नदी में आवंटित है, लेकिन माफिया खेतों में गहराई तक खुदाई कर रहे हैं। खेतों में हो रहे इस अवैध खनन ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण माफिया बेखौफ होकर नियमों को रौंद रहे हैं।
कुडरी घाट क्षेत्र में नदी की धार मोड़कर गहरे स्तर का खनन किया जा रहा है, जबकि प्रतिबंधित पनडुब्बियों का इस्तेमाल लगातार जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पूरा घटनाक्रम कैद है, फिर भी कार्रवाई का अभाव माफियाओं के हौसले और बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस अवैध खनन पर प्रभावी तरीके से रोक लग सके।