रिपोर्ट – वरुण दुबे, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद के सीएमओ कार्यालय में रिश्वत लेने और महिला कर्मी का उत्पीड़न करने का गंभीर मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत मिथलेश कौर ने आरोप लगाया कि सीएमओ कार्यालय के बाबू सुधाकर पिछले तीन महीनों से पोस्टिंग के नाम पर उनसे रिश्वत की मांग कर रहा है। रिश्वत न देने पर वह उन्हें लगातार परेशान और उत्पीड़ित कर रहा है।
जन सुनवाई के दौरान मिथलेश कौर ने रोते हुए अपनी समस्या महिला आयोग की सदस्य के सामने रखी। मामले की गंभीरता देखते हुए महिला आयोग की सदस्य तत्काल सीएमओ कार्यालय पहुंचीं। वहां बाबू सुधाकर अनुपस्थित मिला, जबकि उपस्थिति रजिस्टर में उसकी हाज़िरी दर्ज थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
महिला आयोग की सदस्य ने अनुपस्थित रहते हुए उपस्थिति दर्ज करने पर रजिस्टर में सुधार कर अनुपस्थित दर्ज करने के निर्देश दिए और एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही सर्विस ब्रेक करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। सीएमओ कार्यालय में सीएमओ मौजूद नहीं मिले। उनकी जगह अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी रंजन गौतम मिले। उन्होंने बताया कि सुधाकर को पोस्टिंग करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उसने आदेशों का अनुपालन नहीं किया।