चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में जिला पुलिस बल को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेला पराल और रायरोवा के पास पंचलताबुरू जंगल क्षेत्र में नक्सली दस्ता के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर एक 303 राइफल, भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य सामग्री एक नक्सल डम्प से बरामद किया गया। बरामद विस्फोट को सुरक्षा के दृष्टिकोण से बम निरोधक दस्ता के मदद से नष्ट कर दिया गया।
घटना के संबंध मिली जानकारी अनुसार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र ग्राम रेला पराल, रायरोवा के आस-पास जंगल क्षेत्र में भाकपा माओवादी का एक दस्ता भ्रमणशील है. जिसके बाद चाईबासा पुलिस, कोबरा एवं सीआरपीएफ की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर अभियान संचालित किया गया।
अभियान के क्रम में ग्राम रेला पराल एवं रायरोवा के समीप पंचलताबुरू जंगल क्षेत्र में भ्रमणशील नक्सली दस्ता के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया जिनमे एक छत्तीसगढ़ और दो झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के हैं। गिरफ्तार नक्सलियों में रोहित पदम छत्तीसगढ़ का रहने वाला है, वहीं युलिप जोजो और बासु बाहंदा झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के रहने वाले हैं।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में नक्सलियों ने अपने हथियारों और विस्फोटकों के बारे में बताया. जिसके बाद पुलिस जवानों ने उनकी निशानदेही पर एक 303 राइफल, भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य सामग्री एक नक्सल डंप से बरामद किया गया। बरामद विस्फोटकों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से वहीं पर नष्ट कर दिया गया।