नयी दिल्ली/रांची : 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में झारखंड ने इतिहास रचते हुए देश भर में रजत पदक हासिल किया. यह पहला अवसर है जब झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर टॉप थ्री में स्थान मिला. आर्मी स्कूल रामगढ़ के पूरव जैन ने यह उपलब्धि हासिल की. उन्हें रजत पदक प्राप्त हुआ. गंगा स्मारक उच्च विद्यालय गिधौर चतरा के दीपक कुमार को भी टॉप 60 राष्ट्रीय पुरस्कार में स्थान मिला.भारत मंडपम में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितेंद्र सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया. पूरव जैन को पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र, मोमेंटो और एक लैपटॉप भेंट किया गया.
पूरव जैन का नवप्रवर्तन
पूरव जैन ने विद्युत उपभोग के देखरेख का अभिनव उपकरण पर अपना विचार प्रस्तुत किया. उनके विचार को बीआइटी मेसरा में मेंटरशिप कार्यक्रम के द्वारा वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम ने काफी सुधार कराया था. दीपक ने स्मार्ट बोरवेल पाइप कटर पर नवप्रवर्तन प्रस्तुत किया.
निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री राजेश प्रसाद और इंस्पायर अवॉर्ड मानक राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी नीलम आईलीन टोप्पो ने इस उपलब्धि पर विजेताओं को बधाई देते हुए उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा की.
दिल्ली में झारखंड टीम के साथ सहायक राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ शाहनवाज कुरैशी, डॉ नूतन कुमारी सिन्हा, राम कुमार दास, मनु कुमारी, अभिषेक राज, दिनकर स्वराज शामिल थे.




