लुधियाना। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने लुधियाना में 13 स्कूल ऑफ एमिनेंस का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस भी मौजूद थे।
सीएम मान ने कहा कि करीब 2 महीने पहले जब मिलनी हुई थी, उस समय उन्होंने कहा था कि वह वोट मांगने नहीं आए। लेकिन अब वह ईमानदारी से कहते हैं कि वह वोट मांगने आए हैं। मान ने कहा कि ये वोट वह अपनी कुर्सियों के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के विकास के लिए मांग रहे हैं। पंजाबियों के हाथ कारोबारियों को अब मजबूत करने होंगे। मान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 4 से 5 राज्यों पर लाल लकीर लगाई है। इन प्रदेशों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। आज अंग्रेजों की तरह ही हमारे अपने हमें लूटने में लगे हैं। पंजाब का 8 हजार करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने रोक लिया है। यह पैसा मिलने पर कई एमिनेंस स्कूल, कई अस्पताल, कई फोकल पॉइंट बन सकते हैं। मान ने कहा कि पंजाब के लोगों ने मुझे 92 सीट देकर मजबूत किया है। यदि 65 या 70 सीटें होती तो अब तक हिमाचल जैसा कलह भाजपा ने पंजाब में भी डाल देना था। भाजपा सरकार गिराने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
मान ने कहा कि भाजपा ने शिव सेना का नामो-निशान ही खत्म कर दिया। पंजाब में 92 सीटें हैं, इसी कारण पंजाब की तरफ केंद्र आंख उठाकर नहीं देख रहा। मान ने कहा कि मैं खुद कई देशों में जाकर कंपनियों से बात कर रहा हूं, ताकि पंजाब में बेहतर कारोबार शुरू हो। पहले कंपनियां पंजाब में कारोबार करने आती थीं, लेकिन उस समय के मुख्यमंत्री उनसे पैसे मांगते थे, जिस कारण कंपनियां वापस चली जाती थीं। आज कारोबारियों की मिलनी में आकर पता चला कि उनकी कोई मांग ही नहीं है। सभी मांगें सरकार पूरी कर चुकी है। मान ने कहा कि पंजाब मेरा परिवार है। कारोबारियों की हर समस्या का समाधान पहल के आधार पर किया जाएगा। कारोबारियों की इनकम यदि बढ़ती है तो सरकार का टैक्स भी उतना ही बढ़ेगा। सरकार और कारोबारी दोनों को मिलकर काम करना है। 1 हजार 80 करोड़ में खरीदा गोइंदवाल थर्मल प्लांट मान ने कहा कि गोइंदवाल में थर्मल प्लांट पंजाब सरकार ने 1 हजार 80 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उस प्लांट का नाम भी श्री गुरु अमर दास जी के नाम से रखा है। पहली सरकारों ने जमीनें और थर्मल प्लांट बेचे हैं, बनाए नहीं।