छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बकस्वाहा थाना क्षेत्र के पाली गांव में उस समय हुआ, जब दोनों किसान तेज बारिश के बीच खरीफ फसल के बीजों को खराब होने से बचाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, पाली गांव के चार किसान खेत में खरीफ फसल की बुआई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बीजों को सुरक्षित रखने के लिए जुग्गन यादव और राजू लोधी तिरपाल बिछा रहे थे, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में दोनों किसानों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक किसान ने बताया कि बारिश शुरू होते ही सभी किसान बीजों को बचाने में जुट गए थे। इसी दौरान बिजली गिरने से जुग्गन यादव और राजू लोधी गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले छतरपुर के उल्दन थाना क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने से किसान भारत सिंह कुशवाहा की मौत हो गई थी। वह खेत के पास बकरियां चरा रहे थे। आसपास मौजूद अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन भारत सिंह को बचाया नहीं जा सका। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने जिले में किसानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।