रांची। झारखंड में लव जिहाद का मामला सामने आया है। मुंबई में रहने वाली एक मॉडल ने रांची में मॉडलिंग की कोचिंग चलाने वाले तनवीर अख्तर पर लव जिहाद का आरोप लगाया है। मॉडल ने आरोपी पर मुंबई में दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से बिहार की रहने वाली एक लड़की माडलिंग का गुर सीखने रांची आई थी। मॉडलिंग सिखाने वाले तनवीर अख्तर ने खुद को यश (हिन्दू) बता कर उससे दोस्ती की। तनवीर अब उस पर धर्म परिवर्तन करने और शादी करने का दवाब डाल रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी 2021 से ही उसके साथ दुष्कर्म करता रहा और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। तनवीर ने किसी को बताने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। मॉडल ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। जिसमें दावा किया है कि तनवीर के हरकत से परेशान हो कर वो रांची छोड़कर मुंबई आ गई लेकिन वह पीछा करते हुए मुंबई आ गया।
पीड़िता का कहना है कि तनवीर हर हाल में उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करना चाहता है। परेशान हो कर मॉडल ने मुंबई पुलिस से शिकायत की है।
मां-भाई को भेज दी आपत्तिजनक तस्वीर
पीड़िता ने आगे बताया कि तनवीर ने उसकी कुछ आपत्तिजनक फोटो उसकी मां और भाई को भी भेज दी थी। उस समय मैंने अपनी जिंदगी खत्म करने की सोच ली थी लेकिन एक जानने वाले ने उसे ऐसा करने से रोका।
वहीं, इसी बीच उसे मजबूरी में बैंकॉक शूट पर जाना पड़ा, जहां आरोपी ने उसके साथ फिर दुष्कर्म किया। इससे पहले आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद तनवीर ने फिर से परेशान नहीं करने की बात कही और उससे शिकायत वापस लेने को कहा।
फेक आईडी बनाकर अश्लील फोटो डालने का भी आरोप
रांची के मॉडलिंग कंपनी संचालक पर मॉडल की फेक आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने का भी आरोप है। यहां तक की पीड़िता ने आरोपी से भाई और मां को जान का खतरा बताया है।
रांची पुलिस पूरे मामले की कर रही छानबीन
मॉडल के शिकायत पर मुंबई पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला रांची भेज दिया है। घटना राजधानी के गोन्दा थाना क्षेत्र की है। ऐसे में गोन्दा थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने दुष्कर्म के एफआइआर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि युवती के बयान पर मुंबई में शिकायत दर्ज कर इसकी सूचना रांची पुलिस को दी गई है। रांची पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। दोषी बचेगा नहीं।