रतलाम| मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जिले के पिपलोदा क्षेत्र के हतनारा गांव में जुलूस के बीच ताजिया अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुहर्रम के अवसर पर गांव में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान करीब 10 फीट ऊंचा ताजिया पंचमुखी महादेव मंदिर के पास से गुजरते समय 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तार से टकराते ही ताजिए में करंट दौड़ गया और आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। करंट फैलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे में करीब एक दर्जन लोग झुलस गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।