सोलापुर| महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। पंढरपुर इलाके के टंडुलवाड़ी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में कुल 15 लोग सवार थे। मृतकों में चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग पंढरपुर के रांजनी गांव के निवासी थे और तीर्थयात्रा पर निकले थे। हादसा उस समय हुआ जब वाहन मालशिरस तहसील क्षेत्र से गुजर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद पिकअप सीधे कुएं में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सात घायलों का इलाज जारी है। सोलापुर के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वाहन को कुएं से बाहर निकालने का काम भी जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई गई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद हृदयविदारक हादसा है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान भी किया है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।