छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सावन के पहले सोमवार के साथ शुरू हो रहा है। यह आगामी 26 जुलाई तक चलेगा। राज्य विधानसभा के इस सत्र में साय सरकार अनुपुरक बजट से लेकर विधेयक जैसे कई जरूरी कामों को पूरा करेगा। इस सत्र के लिए प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस और उसके दिग्गज कई मुद्दों पर बीजेपी को घेरने के लिए तैयारी कर चुके हैं। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने साफ इशारा कर दिया है। जिसके बाद सियासी गलियारों में हलचलें तेज हो गई हैं। दोनों ओर से बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इस बार विधानसभा का नजारा भी बदला होगा, बीजेपी के दिग्गज नेता बृज मोहन अग्रवाल सदन में नहीं दिखेंगे। इससे बैठक व्यवस्था में बदलाव देखा जाएगा।
इससे पहले सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस बिना किसी मुद्धे के विपक्ष की भूमिका निभा रही है। हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल में लगातार विकास के काम किए हैं। दो महीने की आचार संहिता के बाद भी हमने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास, 70 लाख से ज्यादा बहनों को हर महीने एक हजार रुपए की राशि, 5500 बोरा तेंदुपत्ता जैसे कई जरूरी निर्णय लिए गए हैं। इतना काम पांच छह महीने में हमारी सरकार ने किया है। पर उन्हे लग रहा है विकास नहीं हुआ है।