चंडीगढ़। हरियाणा के पंचकूला में आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के लिए पांच गारंटी जारी की। इसी क्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम राजनीति को धंधा नहीं समझते। हम इसे प्रोफेशन नहीं बल्कि पेशन (जुनून) समझते हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी के नेता यदि अच्छे निकलते तो हमें पार्टी बनाने की क्या जरूरत थी। ये दोनों अफसर थे। मैं एक अच्छा आर्टिस्ट था और मैं कोई फेल आर्टिस्ट नहीं था कि उधर फेल हो गए तो इधर आ गया। क्या जरूरत थी हमें इनसे पंगा लेने की। लेकिन इन्होंने हमें चैलेंज किया कि तुम करके दिखाओ। अब हमने कर दिखाया तो ये कहते हैं कि तुम मत आओ, ये फर्क है।
मान ने कहा कि मैं यहां कोई भाषण देने नहीं आया। मैं पंजाबी और हिंदी दोनों मिक्स करके बोलूंगा। एक बात याद रखना ऐसे मौके बार-बार नहीं आते। हरियाणा के लोगों ने सभी पार्टियों का समय दिया, सभी को मौका दिया। लेकिन कोई अच्छा नहीं निकला।
जब हम रैली करने के लिए जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और सोनीपत जैसे इलाकों में गए तो वहां की जनता ने कहा कि हम लोग हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि आप हरियाणा में भी आएं। दिल्ली और पंजाब में आपने अच्छा काम किया है। अब हमारी जिंदगी सुधारो। यही कारण है कि हमें हरियाणा आना पड़ा।