रुद्रपुर। वार्ड-3 के गोलमुड़िया क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल के नेतृत्व में नगर निगम टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक ढाबे में अवैध रूप से शराब पिलाई जा रही थी और उसी स्थान से कूड़ा नाले में फेंका जा रहा था, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
मौके पर पार्षद शुभम दास भी मौजूद रहे और निगम टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। टीम ने ढाबा संचालकों को चेतावनी देते हुए गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने साफ कहा कि शहर में अवैध शराबखोरी और नालियों में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नगर निगम का यह अभियान स्वच्छता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार जारी है।