पटना। मणिपुर में उपद्रवी हिंसा में मारे गए बिहार के दो मजदूरों को सीएम नीतीश ने मुआवजे का एलान किया है। इस हिंसा में गोपालगंज के दो मजदूरों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान वीरेंद्र मुखिया के 18 वर्षीय बेटा सोना लाल और मोहन सहनी के 17 वर्षीय बेटा दशरथ सहनी है। सीएम नीतीश ने भी इस हादसे पर शोक प्रकट किया और मुआवजे की घोषणा की.
सीएम नीतीश कुमार ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में दी। सीएम नीतीश ने लिखा, ‘मणिपुर में उपद्रवी हिंसा में बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले लक्ष्मण कुमार जी और दशरथ कुमार जी की हत्या से मर्माहत हूं। यह घटना काफी दुःखद है. मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। मृत स्व॰ लक्ष्मण कुमार जी और स्व॰ दशरथ कुमार जी के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रू॰ देने का निर्देश दिया है। साथ ही श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से नियमानुसार अन्य लाभ दिलाने का निर्देश दिया है। दिल्ली में बिहार के स्थानिक आयुक्त को स्थिति की जानकारी लेने तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने एवं मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुंचाने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
घटना को लेकर मणिपुर पुलिस ने बताया कि शाम 5.20 बजे दोनों मजदूर काकचिंग जिले के केइराक में कंस्ट्रक्शन का काम करके लौट रहे थे. इसी दौरान पंचायत कार्यालय के पास घटना घटी. पिछले 19 महीने से पूर्वोत्तर के इस राज्य में हिंसा जारी है. अब तक इस हिंसा में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है. सरकार के तमाम प्रयास यहां विफल साबित होते जा रहे हैं.