रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार समाज के सभी वर्गों को मजबूत कर प्रदेश को आगे ले जाएगी। सोरेन ने कहा कि झामुमो सरकार ने राज्य में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सभी प्रयास किए हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘मईयां सम्मान योजना’ पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को दी जाने वाली मासिक आर्थिक सहायता 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने वाला झारखंड देश का पहला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री सोरेन साहिबगंज के भोगनाडीह में सरकारी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने साहिबगंज और पाकुड़ जिलों के लिए लगभग 350 करोड़ रुपये की 331 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने दोनों जिलों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लगभग 187 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां भी वितरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता ने एक बार फिर ‘अबुआ सरकार’ को चुना है और राज्य के सम्मान, आदिवासियों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं के विकास तथा ‘जल, जंगल और जमीन’ की सुरक्षा के लिए वोट दिया है।