लखनऊ। लखनऊ जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में नेशनल डिग्री कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक सप्ताह का फिटनेस एवं एथलेटिक्स कोचिंग कैंप रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह कैंप 8 जून से 14 जून 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें करीब 80 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैंप का आयोजन एसोसिएशन के अध्यक्ष रूद्र प्रकाश पाण्डेय एवं सचिव सतेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में लगभग 30 अधिकारियों और प्रशिक्षकों के अथक प्रयासों से किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान खिलाड़ियों को प्रतिदिन टिफिन के रूप में केला, सेब, छाछ और चना वितरित किया गया।
कैंप के अंतिम दिन एक दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 100 मीटर दौड़ (बालक एवं बालिका), 80 मीटर दौड़ (बालक एवं बालिका) तथा गोला फेंक सहित कुल सात स्पर्धाएं आयोजित हुईं। सभी स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कैंप में शामिल सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) और टी-शर्ट वितरित की गईं, जबकि आयोजन को सफल बनाने वाले सभी अधिकारियों को भी टी-शर्ट प्रदान की गई।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए ओलंपियन Sujeet Kumar तथा जर्मनी से आए खेल चोट विशेषज्ञ Dr. Abhishek Mishra का विशेष योगदान रहा। कैंप के संचालन में साई के चीफ कोच कमल कुमार सिंह, एयर फोर्स इंडिया टीम के चीफ कोच उपाध्याय जी, राहुल निषाद, अभिजीत, मोतीलाल, सुशील कुमार भट्टा, आर.के. मिश्रा, जाकिर अली, रामदास, संतोष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, पूरे कैंप के सुचारु प्रबंधन और व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभालने में शिवा सिंह चौहान का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।