गाजियाबाद पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश, खेल करियर में प्रतिस्पर्धा और आपसी ईर्ष्या के चलते की गई थी। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
30 मई को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 30 मई को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित साईं उपवन में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान यश खटीक, गगन त्यागी और अभय उर्फ अभिनव के नाम सामने आए। 1 जून को पुलिस ने यश खटीक और गगन त्यागी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी अभय उर्फ अभिनव अभी फरार है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार आरोपी यश खटीक ने पूछताछ में बताया कि वह और चिराग त्यागी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 400 मीटर पैरा एथलेटिक्स रेस की तैयारी करते थे। यश का आरोप है कि उसकी आंखों से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट जर्मनी भेजी जानी थी, लेकिन चिराग की वजह से उसकी रिपोर्ट खराब हो गई, जिसके चलते उसका चयन नहीं हो सका। यश ने पुलिस को बताया कि दूसरी ओर चिराग का चयन एशियन गेम्स के लिए हो गया था और वह लगातार पदक जीत रहा था। इससे उसके मन में हीन भावना और नाराजगी पैदा हो गई। इसी कारण उसने अपने साथी गगन त्यागी के साथ मिलकर चिराग की हत्या की साजिश रची।
फरार आरोपी ने उपलब्ध कराई थी पिस्टल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गगन त्यागी ने यश को बताया था कि उसका साथी अभय उर्फ अभिनव हथियार की व्यवस्था कर देगा। आरोप है कि अभय ने दुहाई स्थित एचआरआईडी कॉलेज के पास यश को पिस्टल उपलब्ध कराई थी। यश ने बताया कि 29 मई को चिराग बेंगलुरु से ट्रायल देकर लौटा था। अगले दिन 30 मई की सुबह वह और चिराग दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से कैब के जरिए गाजियाबाद के साईं उपवन पहुंचे। यहां पहले से बनाई गई योजना के तहत उसने चिराग को एकांत स्थान पर ले जाकर पीछे से सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई जारी
गाजियाबाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। वहीं, फरार आरोपी अभय उर्फ अभिनव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले को लेकर डीसीपी सिटी जोन धवल जायसवाल ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।