चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पीएचडी स्कॉलर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योति सुबह अपने गर्ल्स हॉस्टल से क्लास के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बारिश के कारण जलभराव वाले रास्ते से गुजरते समय उन्हें करंट लग गया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ीं। आसपास मौजूद छात्रों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छात्रों का फूटा गुस्सा
हादसे के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वाइस चांसलर (VC) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि परिसर में जलभराव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। प्रदर्शन के दौरान VC के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज छात्रों ने कार्यालय का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया।
बारिश के बीच हुआ हादसा
मंगलवार को पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में भी पानी भर गया था और इसी दौरान यह हादसा हुआ। बारिश के कारण कई शहरों में ट्रैफिक जाम और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईएमडी ने जारी किया था ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 28 से 30 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव तथा बिजली से जुड़े संभावित खतरों से बचने की सलाह दी थी।
कई जिलों में दर्ज हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर में 15.2 मिमी, बठिंडा में 14.5 मिमी, लुधियाना में 13.6 मिमी, पठानकोट में 9.8 मिमी, होशियारपुर में 4 मिमी, जालंधर में 3.5 मिमी और मोहाली में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं चंडीगढ़ में 1.7 मिमी बारिश हुई। हरियाणा में भी भिवानी, करनाल, महेंद्रगढ़, सोनीपत और अंबाला समेत कई जिलों में वर्षा रिकॉर्ड की गई।