पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भगवंत मान सरकार में मंत्री बलबीर सिंह ने दावा किया है कि उनकी पार्टी चुनाव मैदान में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी और दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव एक निरंतर प्रक्रिया है और आम आदमी पार्टी जनता के बीच अपने काम के दम पर जाएगी।
वहीं, मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस ब्यूरो कार्यालय में CBI की कार्रवाई को लेकर भी मंत्री ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। बलबीर सिंह ने कहा कि पहले कुछ नेताओं को भाजपा में शामिल होने या कार्रवाई झेलने का विकल्प दिया गया था, लेकिन अब केंद्र सरकार विरोधियों के खिलाफ और आक्रामक रुख अपना रही है।
मंत्री ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में वोट प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, बलबीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लोगों से गाड़ी कम चलाने और सोना खरीदने से बचने की अपील का असर आम लोगों की आजीविका पर पड़ सकता है। उनका कहना था कि इससे परिवहन और छोटे कारोबार से जुड़े लाखों लोगों को परेशानी हो सकती है।
इस मुद्दे पर विपक्षी दलों ने भी केंद्र सरकार को घेरा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देती है, जबकि खुद जवाबदेही से बचने की कोशिश करती है।