समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा। इस बात की जानकारी उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने इसे परिवार के लिए बेहद दुखद समय बताते हुए अंतिम संस्कार में गरिमामयी उपस्थिति की अपील की है। प्रतीक यादव के निधन की खबर बुधवार सुबह सामने आई थी। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद समाजवादी पार्टी और यादव परिवार से जुड़े समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह ‘पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म’ बताई गई है। डॉक्टरों के अनुसार फेफड़ों की नस में खून का थक्का जमने के कारण दिल और फेफड़ों ने अचानक काम करना बंद कर दिया, जिससे उनकी जान चली गई। हालांकि जांच को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए डॉक्टरों ने विसरा और हृदय के कुछ हिस्सों को सुरक्षित रखकर केमिकल और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा है। अब विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर कुछ पुराने चोट के निशान मिलने की भी पुष्टि की है। शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट की बात सामने आई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बीमारी की वजह से बाएं पैर के अंगूठे का नाखून नीला पड़ गया था।
बता दें कि प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। वह साधना गुप्ता और मुलायम सिंह यादव के बेटे थे। उनकी शादी अपर्णा यादव से हुई थी, जो वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार बिष्ट की बेटी हैं। हालांकि प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन यादव परिवार का हिस्सा होने की वजह से वे अक्सर चर्चा में बने रहते थे। उनके निधन पर कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।