चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि विश्वभर में गीता संदेश समस्या समाधान बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गीता के संदेश को विश्वभर में पहुंचाया है। अफ्रीका महाद्वीप से लेकर यूरोपीय और एशियाई देशों में गीता वाणी गूंज रही है। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अफ्रीकी महाद्वीप का तंजानिया कंट्री पार्टनर होगा और उड़ीसा स्टेट पार्टनर की भूमिका में रहेगा। 9वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की शुरुआत 28 नवंबर को सरस और शिल्प मेले के साथ होगी। 18 दिन चलने वाले गीता महोत्सव का समापन 15 दिसंबर को होगा। मुख्यमंत्री नायब सैनी गीता महोत्सव के आयोजन को लेकर शुक्रवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 8 वर्ष पहले 2016 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता महोत्सव को मनाने की शुरुआत की गई थी, कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर से पूरे विश्व में गीता वाणी का संदेश गूंज रहा है। अभी तक ऑस्ट्रेलिया, मारीशस, लंदन, श्रीलंका और कनाडा में गीता महोत्सव मनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर के तट पर लघु भारत की झलक दिखाई देगी। देशभर से शिल्पकार और कलाकार अपने हुनर और प्रतिभा को प्रदर्शित करेंगे।
गीता महोत्सव में इस बार तंजानिया देश की कंट्री पार्टनर के तौर पर सहभागिता रहेगी। तंजानिया पैवेलियन में संस्कृति, अध्यात्म और वहां के रहन-सहन से लोग रूबरू होंगे। तंजानिया और भारतीय संस्कृति का आपस में गहरा संबंध हैं, तंजानिया में भी प्रवासी भारतीय गीता और रामायण का पाठ करते हैं। इसके साथ ही ब्रह्मसरोवर के तट पर उड़ीसा की शिल्पकला के दर्शन भी होंगे। जगन्नाथ भगवान पुरी के गीता महोत्सव में साक्षात पर्यटक दर्शन कर सकेंगे।