पंजाब प्राइमरी और मिडिल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है। नीति आयोग की नई रिपोर्ट में भगवंत मान सरकार के शिक्षा सुधारों को बड़ी सफलता मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब ने केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए राष्ट्रीय रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है।
रिपोर्ट में पंजाब को बुनियादी शिक्षा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्कूली सुविधाओं के मामले में शीर्ष स्थान दिया गया है। राज्य ने भाषा और गणित जैसे विषयों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, इंटरनेट और कंप्यूटर सुविधाओं का बड़े स्तर पर विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो संदेश जारी कर इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा में ईमानदारी से निवेश किया और उसका परिणाम अब सामने आ रहा है।
उन्होंने कहा, “जो बोओगे वही काटोगे। सरकार ने प्राइमरी और मिडिल स्कूल शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। स्मार्ट क्लासरूम शुरू किए गए, शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया और पूरे सिस्टम को अपग्रेड किया गया। आज उन्हीं प्रयासों का फल पंजाब को मिल रहा है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार तीसरी कक्षा की भाषा परीक्षा में पंजाब को 82 प्रतिशत अंक मिले, जबकि केरल को 75 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। तीसरी कक्षा के गणित में पंजाब को 78 प्रतिशत और केरल को 70 प्रतिशत अंक मिले। वहीं नौवीं कक्षा के गणित में पंजाब ने 52 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि केरल 45 प्रतिशत पर रहा।
डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भी पंजाब ने बेहतर प्रदर्शन किया है। भगवंत मान ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम की उपलब्धता में पंजाब को 80.1 प्रतिशत अंक मिले, जबकि हरियाणा 50.3 प्रतिशत पर रहा। स्कूलों में इंटरनेट सुविधा के मामले में पंजाब 88.9 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जबकि हरियाणा 78.9 प्रतिशत पर है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में बिजली उपलब्धता के मामले में पंजाब ने 99.9 प्रतिशत और कंप्यूटर उपलब्धता में 99 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शिक्षा के क्षेत्र में केरल शीर्ष पर था, लेकिन अब पंजाब ने बड़े अंतर से उसे पीछे छोड़ दिया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में शिक्षक प्रशिक्षण, आधुनिक शिक्षा प्रणाली और डिजिटल सुविधाओं पर लगातार काम किया गया, जिसकी बदौलत पंजाब आज देश में नंबर-1 बन पाया है। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।