चंडीगढ़| मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को गिद्दड़बाहा के गांव दोदा में मालवा नहर के प्रॉजेक्ट के काम का निरीक्षण करने पहुंचे। मान ने कहा कि आजादी के बाद राज्य में पहली बार नहर बनने जा रही है। यह नहर हरिके पत्तन से निकाली जाएगी जोकि 149 किलोमीटर लंबी, 50 फुट चौड़ी होगी और 12.5 फुट गहरी बनाई जाएगी। इस पर 2,300 करोड़ रुपये लागत आएगी।
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि इस नहर से मालवा क्षेत्र के तीन जिलों मुक्तसर, फिरोजपुर व फाजिल्का के 62 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा और दो लाख एकड़ जमीन को नहरी पानी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पास से राजस्थान फीडर व सरहिंद फीडर नहर गुजरती है। राजस्थान फीडर से वे पानी नहीं ले सकते। पुराने कानून बने हुए हैं लेकिन इधर से पानी पाकिस्तान को जा रहा है। ये कहां लिखा है कि इंटरनेशनल स्तर पर पानी जा सकता है। लेकिन वह नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। आजादी के बाद पहली नहर बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जो काम 40 साल पहले हो जाना चाहिए था वे अब हो रहा है इस बात का दुख लगता है।