राजधानी लखनऊ में बिजली चोरी के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीमों पर दो अलग-अलग जगहों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इन हमलों में जूनियर इंजीनियर (JE) और संविदाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और विभागीय दस्तावेज फाड़ने के आरोप लगे हैं।
जानकीपुरम में JE पर बेलचे से हमला
पहली घटना जानकीपुरम जोन के नहर रोड इलाके की है। यहां जेई अशोक कुमार और राधेश्याम यादव अपनी टीम के साथ अजय दीक्षित के परिसर में बिजली चोरी की शिकायत पर जांच करने पहुंचे थे। आरोप है कि जांच शुरू होते ही अजय दीक्षित और उसके साथियों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जेई अशोक कुमार की पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले उन्हें लात-घूसों से पीटा गया, फिर दो लोगों ने पकड़कर बेलचे से हमला कर दिया। हमले में जेई के सिर पर गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया।
पालतू कुत्तों से भी कराया हमला
आरोप है कि हमलावर यहीं नहीं रुके और उन्होंने अपने पालतू कुत्तों को भी बिजली विभाग की टीम पर छोड़ दिया। कुत्तों ने जेई पर हमला कर कई जगह काट लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जेई के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। हमलावरों ने टीम का मोबाइल फोन भी छीन लिया। किसी तरह टीम के सदस्य वहां से जान बचाकर निकले और जानकीपुरम थाने में आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। देर रात तक पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
चौपटिया में भी बिजली टीम पर हमला
दूसरी घटना सआदतगंज के चौपटिया स्थित तंबाकू मंडी में हुई। यहां एसडीओ जितेंद्र गुर्जर और जेई खुर्शीद अनवर की टीम बिजली चेकिंग अभियान चला रही थी। जैसे ही कर्मचारियों ने खंभों से अवैध कटिया हटाना शुरू किया, जलील अहमद और अब्दुल खालिक समेत 30-40 लोगों की भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने विभागीय फाइलें छीनकर कागजात फाड़ दिए। वहीं संविदाकर्मी संतोष यादव को घसीटकर लात-घूसों और धारदार हथियार से पीटा गया। घटना के बाद अभियंताओं ने सआदतगंज थाने में नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।