शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार सुबह से शुरू हो रहा है। इससे पहले तीन दिन का सत्र आयोजित हुआ, जिसमें राजस्व घाटा अनुदान बंद करने के प्रस्ताव के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया था। सत्र बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगा और सबसे पहले प्रश्नकाल होगा। प्रश्नकाल के बाद राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। भोरंज से कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार यह प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौड़ इसका समर्थन करेंगे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने 16 फरवरी को अभिभाषण दिया था, लेकिन उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान पर केंद्र सरकार के खिलाफ टिप्पणियों का हवाला देते हुए इसे पूरा पढ़ने से इनकार कर दिया था। अब शिव प्रताप शुक्ल का तेलंगाना में ट्रांसफर हो गया है और हिमाचल में कविंद्र गुप्ता को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
सत्र के दौरान 21 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपना अगला बजट प्रस्तुत करेंगे। पिछले साल मुख्यमंत्री ने टैक्स फ्री बजट पेश किया था, लेकिन इस बार वित्तीय स्थितियां अलग हैं। राज्य सरकार हर साल 2100 करोड़ रुपये की सब्सिडी बिजली, राशन और बस यात्रा पर देती है। इस बार सरकार को यह निर्णय लेना होगा कि इसे जारी रखा जाए या नहीं। बजट में नई योजनाओं को शामिल करने की परंपरा रही है, अब देखना होगा कि इस बार मुख्यमंत्री ऐसा करेंगे या नहीं।