सिवान बिहार के सिवान जिले में चर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई रविवार तड़के उस वक्त हुई, जब पुलिस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव बड़हरिया थाना क्षेत्र की ओर भाग रहा है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। लकड़ी गांव और गौसीहाता के बीच संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
यह मामला 26 अप्रैल की शाम का है, जब नगर थाना क्षेत्र में रोडरेज के दौरान विवाद हुआ था। कार साइड देने को लेकर हुई बहस हिंसक हो गई और आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में हर्ष कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया जा चुका है। वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनू यादव पर हत्या, लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित था। मुठभेड़ स्थल से हथियार बरामद किया गया है, जिसे इसी हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया बताया जा रहा है।