नई दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को दहला दिया। चार मंजिला इमारत में लगी इस आग में 9 लोगों की जान चली गई, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है—आखिर आग लगी कैसे? प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 3:15 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही मिनटों में दूसरी मंजिल से उठी लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
कई लोगों का कहना है कि ऐसा लगा जैसे आग एक ही पल में कई कमरों तक पहुंच गई हो
AC ब्लास्ट या कोई और वजह?
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी एयर कंडीशनर में विस्फोट से आग लगी हो सकती है। लेकिन दमकल अधिकारियों का कहना है कि अभी इस थ्योरी की पुष्टि नहीं हुई है। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि आग सामान्य शॉर्ट सर्किट जैसी नहीं थी, क्योंकि लपटें बेहद तेजी से फैलती चली गईं। इमारत के कई फ्लैट्स में इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम लगे थे, जो बिजली जाने के बाद खुल नहीं पाए। वहीं, संकरी सीढ़ियां और घना धुआं लोगों के लिए बाहर निकलने में बड़ी बाधा बन गया। पीछे की ओर बने फ्लैट्स में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा फंसे, जहां से निकलने का रास्ता बेहद सीमित था।
दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग ने भयावह रूप ले लिया था। अंदर का दृश्य इतना खतरनाक था कि कई जगहों पर पहुंचना भी मुश्किल हो गया। राहत कार्य के दौरान कुछ लोगों को बचा लिया गया, लेकिन कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और दमकल विभाग की टीमें आग लगने की असली वजह तलाशने में जुटी हैं। हर एंगल से जांच की जा रही है चाहे वह इलेक्ट्रिकल फॉल्ट हो, गैस लीक या फिर कोई और कारण।