उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। उत्तरकाशी से लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, SDRF, फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम इलाके और घनी झाड़ियों के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दुकान से सामान लेने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा मसूरी के झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग उत्तरकाशी से गाजियाबाद लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक दुकान पर गाड़ी रोकी और कुछ सामान खरीदा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार दोबारा स्टार्ट की गई, वह अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में चार लोग सवार थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन में आई मुश्किलें
हादसे की जगह काफी दुर्गम होने के कारण SDRF और पुलिस टीम को राहत कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खाई में घनी झाड़ियां और फिसलन भरा रास्ता होने से बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा। रेस्क्यू टीम ने अब तक एक शव को बाहर निकाल लिया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी है। पुलिस ने बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाजियाबाद के रहने वाले थे सभी मृतक
मसूरी पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संगीता, सविता, मानिक और सत्य प्रकाश के रूप में हुई है। सभी गाजियाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में वाहन के अचानक अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।