लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने उत्तर प्रदेश के सिख समुदाय के साथ लखनऊ के आलमबाग स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में विशेष अरदास का आयोजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए उनके नेतृत्व के निरंतर बने रहने की कामना की गई।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा करने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष अरदास में बड़ी संख्या में सिख संगत ने भाग लिया। गुरुद्वारा परिसर ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष से गूंज उठा। संगत ने ‘सरबत दा भला’ तथा देश की चढ़दी कला (निरंतर प्रगति) के लिए अरदास की। इस अवसर पर उपस्थित सिख समुदाय के सदस्यों ने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद तक पहुंचने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में देश ने सामाजिक, आर्थिक, डिजिटल तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। साथ ही, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सिख समुदाय के साथ विशेष लगाव रहा है। उनके कार्यकाल में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए तथा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के उद्घाटन जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा, “यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नेतृत्व करते हुए सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं और वे भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता में देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने सिख समुदाय की कई वर्षों से लंबित मांगों को पूरा किया है। उनके नेतृत्व में शासन अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और नागरिक-केंद्रित बना है। इससे यह सुनिश्चित हुआ है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।”
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आलमबाग के अध्यक्ष निर्मल सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का यह कीर्तिमान ऐतिहासिक है। पिछले 12 वर्षों में उन्होंने देश और अर्थव्यवस्था का कुशल नेतृत्व किया है। हम केंद्र सरकार के आभारी हैं कि सिख समुदाय की विभिन्न समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया गया।” सिख नेता भूपिंदर सिंह ने कहा, “करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खोलने और श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सुगम बनाने जैसे कार्यों के लिए सिख समुदाय प्रधानमंत्री मोदी का सदैव आभारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने सिख इतिहास, संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”


