केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए उपलब्धियों का जश्न मना रही है। इसी मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर बधाई दी और उनके नेतृत्व में देश तथा उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री योगी ने अपने पत्र में लिखा कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल ने भारत को नई दिशा, नई गति और नया आत्मविश्वास प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के नए मानक स्थापित किए हैं।
राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का किया जिक्र
अपने पत्र में मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र ने देश के विकास को नई गति दी है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए लगभग 65 लाख परिवारों को पक्के घर मिले हैं। योगी ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीबों, महिलाओं और किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
रोजगार और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मिशन रोजगार के तहत नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं के जरिए प्रदेश में करोड़ों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिससे युवा विकास प्रक्रिया के प्रमुख भागीदार बने हैं।
‘उत्तर प्रदेश बना एक्सप्रेस-वे प्रदेश’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत परियोजना, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वंदे भारत ट्रेनों और आधुनिक परिवहन नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश देशभर में “एक्सप्रेस-वे प्रदेश” के रूप में पहचान बना चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश-अनुकूल माहौल और बुनियादी ढांचे के विकास ने प्रदेश को निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाया है।
अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में दावा किया कि वर्ष 2017 की तुलना में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग तीन गुना हो चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और बेरोजगारी दर में कमी आई है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण और राष्ट्र निर्माण में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।