नोएडा/ग्रेटर नोएडा| ग्रेटर नोएडा स्थित Galgotias University से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां निजी विवाद को लेकर दो छात्राओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं पहले आपस में अच्छी दोस्त थीं, लेकिन किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्राएं एक-दूसरे के बाल खींचते हुए और थप्पड़ मारते हुए नजर आईं। यह पूरी घटना यूनिवर्सिटी परिसर में हुई, जहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद छात्र झगड़ा रोकने के बजाय वीडियो बनाते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई के लिए भेजते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनकी चिंता बढ़ाती हैं।
तमाशबीन बने रहे छात्र
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों छात्राएं आपस में मारपीट कर रही हैं, जबकि आसपास खड़े छात्र केवल तमाशबीन बने हुए हैं। किसी ने भी झगड़ा रोकने या स्थिति को शांत करने की कोशिश नहीं की।
इस मामले पर दनकौर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और फिलहाल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
वीडियो के वायरल होने के बावजूद यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे मामले को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।