आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट जगत के बहुप्रतीक्षित यूपी टी-20 लीग ऑक्शन का आयोजन गुरुवार को आगरा स्थित होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में किया गया। प्रदेश में क्रिकेट के विकास और उभरती प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की दिशा में इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
ऑक्शन से पहले मीडिया प्रतिनिधियों को आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देने के उद्देश्य से होटल ताज के सफायर हॉल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने आयोजन की तैयारियों, उद्देश्य और खिलाड़ियों के लिए इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।