पटना। बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा। ट्रेनों की कमी और कई गाड़ियों के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने से नाराज छात्रों ने स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और रेलवे स्टेशन के साथ आसपास का इलाका भी तनाव का केंद्र बन गया।
जानकारी के अनुसार, भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी थी। परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शनिवार रात से ही पाटलिपुत्र स्टेशन पर पहुंचने लगे थे। हालांकि, पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था नहीं होने और कई ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण छात्रों की चिंता बढ़ती गई। अभ्यर्थियों को आशंका थी कि अव्यवस्था के चलते उनकी परीक्षा प्रभावित हो सकती है।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब पाटलिपुत्र से कटिहार जाने वाली एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में सवार होने के लिए छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बोगियों में जगह नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस बीच कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा ट्रेन पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। पथराव में ट्रेन की कई खिड़कियां और शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया।
घटना की सूचना मिलते ही आईजी जितेंद्र राणा, स्थानीय एसपी, दानापुर के एसडीएम और एएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ लगातार उग्र बनी रही। पुलिस पर भी पथराव की घटनाएं सामने आईं।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हवा में तीन राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी के भी मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी ट्रैक से हटे, जिसके बाद स्थिति पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाया जा सका।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।