उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर में हिंदू युवक विनोद की पीट-पीटकर हत्या के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। घटना से नाराज लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने मुख्य आरोपी इम्तियाज के घर में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
इसी बीच देहरादून प्रशासन ने आरोपी इम्तियाज के घर पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की टीम बुलडोजर की मदद से कथित अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर रही है।
पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों समेत कुल 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार को विनोद और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद इम्तियाज अपने साथ कई लोगों को लेकर पहुंचा और विनोद व उनके भाइयों पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई अभी भी गंभीर हालत में बताए जा रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग विरोध में उतर आए।
हालात को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।