लखनऊ। लखनऊ के आशियाना स्थित स्मृति उपवन में आज 22 नवंबर को मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह अपना लाइव शो पेश करेंगे। सरोजनीनगर क्षेत्र में आयोजित इस मेगा इवेंट में बड़ी संख्या में युवाओं और संगीत प्रेमियों के जुटने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भारी तैयारियां की गई हैं।
इवेंट को लेकर सरोजनीनगर के बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह यूथ-ओनली स्टैंडिंग कॉन्सर्ट युवाओं की सामूहिक शक्ति और उनकी सकारात्मक सोच का प्रतीक है, जो समाज और देश के भविष्य को दिशा देती है।
हनी सिंह की ‘कमबैक यात्रा’ को सराहा
डॉ. सिंह ने हनी सिंह की संघर्षपूर्ण यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि असफलता गिरना नहीं, बल्कि फिर से खड़े होने की क्षमता ही असली ताकत है। उन्होंने कहा, “हनी सिंह ने साबित किया है कि सात बार गिरने के बाद भी आठवीं बार उठकर इतिहास लिखा जा सकता है। उनकी कहानी सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा है।” विधायक ने बताया कि हनी सिंह की लोकप्रियता के पीछे उनका अनुशासन, फोकस और वर्षों की मेहनत है। हर हिट गाने के पीछे उनकी लगन छिपी है, जिसने उन्हें दोबारा अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
हाई-टेक सुरक्षा प्रबंध
इवेंट में प्रवेश केवल अधिकृत पास से ही मिलेगा। सुरक्षा के लिए प्रशासन और आयोजकों ने मिलकर बड़े स्तर पर व्यवस्थाएं की हैं––
150 हाई-रिजॉल्यूशन AI कैमरे
सभी गेटों पर DFMD और हैंड-हेल्ड डिटेक्टर
दिल्ली से आए 200 प्रशिक्षित निजी सुरक्षा कर्मी
पर्याप्त पुलिस बल और जिला सुरक्षा टीम
एक विशेष हाई-टेक कंट्रोल रूम
साथ ही ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के लिए अलग रूट प्लान और एंट्री-एग्जिट कॉरिडोर तैयार किए गए हैं।
हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद
शाम होते-होते हजारों युवाओं, परिवारों और संगीत प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को क्षेत्र के सबसे बड़े और ऊर्जा से भरपूर आयोजनों में से एक माना जा रहा है।