लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राप्ती सागर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी राप्ती सागर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना रेलवे अधिकारियों को मिली थी। ट्रेन कानपुर की ओर से लखनऊ पहुंची थी। सूचना मिलते ही ट्रेन को स्टेशन पर रोक दिया गया और यात्रियों को एहतियातन नीचे उतार लिया गया।
मौके पर RPF, GRP, स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमें पहुंचीं। करीब एक घंटे तक ट्रेन के सभी डिब्बों और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान स्टेशन परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।
हालांकि, लंबी जांच-पड़ताल के बाद किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने सूचना को अफवाह करार दिया। अधिकारियों के अनुसार, माहौल बिगाड़ने और लोगों में डर फैलाने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी गई थी।
जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को दोबारा ट्रेन में बैठाया गया और राप्ती सागर एक्सप्रेस को रवाना कर दिया गया। रेलवे पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।