लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए विवादित बयान मामले में बड़ा झटका लगा है। रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए 2 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने उनके ऊपर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
यह मामला लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान से जुड़ा हुआ है। आरोप था कि चुनावी सभा में आजम खान ने प्रशासनिक अधिकारी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
कोर्ट ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद आजम खान को दोषी माना। हालांकि सजा कितनी होगी, इस पर फैसला कुछ देर बाद सुनाए जाने की बात कही गई है। फैसले को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
गौरतलब है कि आजम खान के खिलाफ पहले से भी कई मामले चल रहे हैं और अलग-अलग मामलों में उन्हें सजा भी मिल चुकी है। फिलहाल वह जेल में बंद हैं।