लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जहां तीन मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई। इस दर्दनाक घटना में अब तक 10 छात्रों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई। उस समय बिल्डिंग में 30 से अधिक लोग मौजूद थे। बाहर निकलने का रास्ता न मिलने पर कई लोगों ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग से नीचे उतरने की कोशिश की, कुछ लोग पास से गुजर रहे तारों के सहारे नीचे कूदने लगे। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले आग तीसरी मंजिल पर स्थित कोचिंग में लगी, जो पेट शॉप के ऊपर बताई जा रही है। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं, हालांकि चार घंटे बाद भी बिल्डिंग से धुआं और आग की लपटें उठती रहीं। प्रशासन को आशंका है कि अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने को कहा है। इधर, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। यह जांच की जा रही है कि भवन में कॉमर्शियल गतिविधियों की अनुमति थी या नहीं और आग लगने की असली वजह क्या थी। साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।