प्रयागराज| प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के चांदपुर गांव में सोमवार दोपहर एक भयंकर हादसा हुआ। आदर्श कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस से भरे टैंक के फटने से कोल्ड स्टोरेज की छत गिर गई। घटना के बाद अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास का इलाका घातक गैस से भर गया।
मौके पर फाफामऊ थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार कई मजदूर मलबे में दब गए हैं।
कैसे हुआ हादसा
चांदपुर के सामने स्थित आदर्श कोल्ड स्टोर में आलू रखा जा रहा था। अचानक अमोनिया गैस से भरे टैंक में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि कोल्ड स्टोरेज की छत टूट कर नीचे गिर गई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्रशासन और पुलिस की टीम भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी है।
बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का काम कर रहा है। घटना की वजहों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।