बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके शासनकाल पर तीखा हमला बोला। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर अब सियासी प्रतिक्रियाएं भी शुरू हो गई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतीश शर्मा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था। उन्होंने मंच से पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और माफिया अतीक अहमद का नाम लेते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादवब अतीक अहमद के कुत्ते को सहलाने का काम करते थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में अपराधियों के करीबियों को भी राजनीतिक संरक्षण मिलता था। मंत्री ने दावा किया कि वर्तमान योगी सरकार ने अपराध और माफिया तंत्र पर सख्ती से कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कार्रवाई हो रही है और आम जनता खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है।
मंत्री के बयान के वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सपा नेताओं ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कहा कि सार्वजनिक मंचों से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। पार्टी नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को अपनी भाषा और आचरण पर संयम रखना चाहिए। सपा नेताओं ने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी। वहीं भाजपा समर्थक मंत्री के बयान को अपराध और माफिया के खिलाफ सरकार की सख्त नीति से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल यह बयान प्रदेश की राजनीति में नई बहस का विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।