लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम जानकारी सामने आई है। शुरुआती मेडिकल जांच में बताया गया है कि शरीर में खून का थक्का ऊपर की ओर पहुंचने से गंभीर दिक्कत पैदा हुई, जिसके बाद कार्डियक अरेस्ट आने से उनकी मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, खून का थक्का फेफड़ों और धमनियों तक पहुंच गया था, जिससे संक्रमण और सांस संबंधी जटिलताएं बढ़ गईं। इसी वजह से उनकी हालत अचानक बिगड़ गई।
लंबे समय से चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव पिछले काफी समय से फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से परेशान थे। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़ों में पहले भी ब्लड क्लॉट की समस्या सामने आ चुकी थी और उसका इलाज जारी था। पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट या चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आ सकती है।
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में डॉक्टरों के पैनल ने उनका पोस्टमार्टम किया। प्रतीक यादव के निधन पर अखिलेश यादव समेत कई राजनीतिक नेताओं ने शोक जताया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही अपर्णा यादव भी लखनऊ पहुंच गईं।