लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार गहरे सदमे में है। बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे प्रतीक यादव को उनके साले अमन बिष्ट अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों की जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि की गई। निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
असम में थीं अपर्णा यादव
घटना के समय प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव असम में मौजूद थीं। वह मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गई थीं। पति के निधन की सूचना मिलते ही वह तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।
दोपहर में लखनऊ पहुंचने के बाद अपर्णा यादव सीधे गोमतीनगर स्थित आवास पहुंचीं। इसी दौरान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के पोस्टमार्टम हाउस से प्रतीक यादव का शव भी घर लाया गया। पति का पार्थिव शरीर देखते ही अपर्णा यादव भावुक हो गईं।
परिवार में पत्नी और दो बेटियां
प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी का नाम प्रथमा यादव है, जबकि छोटी बेटी प्रतीक्षा यादव है। परिवार अक्सर सोशल मीडिया पर साथ की तस्वीरें साझा करता था, जिनमें आपसी जुड़ाव साफ नजर आता था।
राजनीति से दूर रखते थे खुद को
प्रतीक यादव का जन्म वर्ष 1988 में हुआ था। वह मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे। वर्ष 2011 में उनकी शादी अपर्णा यादव से हुई थी। राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद उन्होंने हमेशा सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी और फिटनेस तथा कारोबार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।