सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर से लेकर लखनऊ तक सनसनी फैलाने वाले ‘मानसी हत्याकांड’ में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संदना थाना क्षेत्र में गर्भवती प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपी विशाल पाल को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि साक्ष्य बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह के मुताबिक, शनिवार को संदना पुलिस आरोपी विशाल पाल को घटना से जुड़े सबूतों की बरामदगी के लिए ग्राम रामपुर मढ़िया के पास ले गई थी। इसी दौरान शातिर आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और अचानक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल झपटकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने जब उसे घेरने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी विशाल पाल (पुत्र भन्नू पाल, निवासी सरैया) ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, विशाल का संदना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय मानसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मानसी करीब तीन महीने की गर्भवती थी और लगातार विशाल पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
वारदात की पूरी क्रोनोलॉजी:
25 मई को विशाल, मानसी को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल से सिधौली ले गया और फिर वहां से लखनऊ के बक्शी का तालाब (BKT) इलाके में किसान पथ के पास एक सुनसान जगह पर पहुंचा।वहां दोनों के बीच शादी और साथ रहने को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर विशाल ने मानसी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पहचान छिपाने के लिए शव पर रखा सीमेंट का पिलर
हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने मानसी की शिनाख्त मिटाने और शव को छुपाने के उद्देश्य से आउटर रिंग रोड स्थित महिपतपुर के जंगलों में लाश को फेंक दिया। इतना ही नहीं, उसने शव के गले पर एक भारी-भरकम सीमेंट का पिलर रख दिया ताकि कोई उसे ढूंढ न सके और वह खुद मौके से फरार हो गया।
सीतापुर और लखनऊ पुलिस की संयुक्त तफ्तीश के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया था, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से युवती का शव बरामद किया था। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिसिया कार्रवाई की जमकर चर्चा हो रही है।