नई दिल्ली। दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में महिला प्रोफेसर की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों पति-पत्नी बताए जा रहे हैं और उन्हें पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद मुख्य वजह थी। मृतका प्रोफेसर देवस्मिता पॉल के पास पश्चिम बंगाल में एक संपत्ति थी, जो उन्हें उनके नाना से विरासत में मिली थी। इसी संपत्ति को लेकर आरोपी दंपति उनसे विवाद कर रहे थे और लगातार दबाव बना रहे थे।
बच्चे को साथ लेकर आए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, वारदात के दिन आरोपी पति-पत्नी पश्चिम बंगाल से दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने महिला प्रोफेसर से मिलने के बहाने न्यू अशोक नगर स्थित उनके अपार्टमेंट में एंट्री ली। शक से बचने के लिए वे अपने साथ एक बच्चे को भी लेकर आए थे। फ्लैट के अंदर पहुंचते ही दोनों ने कथित रूप से हथियार से हमला कर महिला प्रोफेसर की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
फ्लैट में मिला था शव
मृतका देवस्मिता पॉल (49), दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं और पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित फ्लैट में अकेली रहती थीं। गुरुवार को उनकी बहन लगातार संपर्क करने की कोशिश करती रही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में जब वह फ्लैट पर पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर उन्होंने देवस्मिता का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
सूचना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। दोनों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली लाया जा रहा है।