उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तिलवाड़ा क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजकर 10 मिनट पर तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास हुई। कार पश्चिम बंगाल से आए श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50–60 मीटर गहरी खाई में नदी किनारे जा गिरा।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम उप निरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। जिला पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने कार में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों को हाथ-पैर में फ्रैक्चर और अन्य चोटें आई हैं। वहीं चालक समेत तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। घटना की भयावहता को देखते हुए राहत टीम भी कुछ समय के लिए स्तब्ध रह गई थी। हालांकि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी यात्रियों की जान बचा ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।