घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद देश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर शायराना अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा—
“रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ,
भाजपा से अब तो हर आस गई टूट।”
उनके इस बयान को महंगाई के खिलाफ सरकार पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस का हमला, ‘महंगाई मैन’ बताया
कांग्रेस पार्टी ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए इसे आम जनता पर बोझ बताया। पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है और इसे सरकार की “जनता से वसूली” नीति बताया गया।
तेल कंपनियों ने हाल ही में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं।
इससे पहले 1 जून को कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए थे, जिससे बाजार पर असर देखने को मिल रहा है। बीते कुछ महीनों में LPG और CNG दोनों की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है। लगातार बढ़ती दरों को लेकर आम उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखी जा रही है, जबकि विपक्ष इसे सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने का मुद्दा बना रहा है।