लखनऊ। राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रिश्तों को तार-तार करते हुए एक बहू ने अपनी ही बुजुर्ग सास की हत्या की साजिश रच डाली। अवैध संबंधों में रुकावट बन रही सास को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घर के अंदर मिली बुजुर्ग महिला की लाश
मामला महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज इलाके का है। यहां 69 वर्षीय निर्मला देवी का शव उनके घर के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे साफ संकेत मिला कि उनकी हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद वह अपने बेटे और बहू के साथ रहती थीं। शनिवार शाम करीब चार बजे जब उनका पोता घर पहुंचा तो उसने दादी को मृत अवस्था में देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बहू पर गया शक, जांच में खुलते गए राज
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उस समय मृतका का बेटा ड्यूटी पर था, जबकि घर में बहू और बेटी मौजूद थीं। शुरुआती जांच में ही बहू के हाव-भाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बड़ा सुराग हाथ लगा। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच घर का कैमरा बंद मिला। आसपास के कैमरों में देखा गया कि इसी दौरान घर का किरायेदार राजन शर्मा बाहर निकलता दिखाई दिया और उसके जाते ही कैमरा फिर चालू हो गया।
डॉग स्क्वायड बना सबसे बड़ा सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। जांच के दौरान डॉग सीधे राजन शर्मा के पास जाकर रुक गया। यह देख पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ में राजन घबरा गया और डॉग को भगाने की कोशिश करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बहू रंजना और किरायेदार राजन शर्मा के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। परिवार इस रिश्ते का विरोध करता था और मृतका निर्मला देवी अक्सर इस पर आपत्ति जताती थीं। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी राजन मौके पर ही मौजूद रहा और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता रहा। यहां तक कि वह खुद ही आरोपियों को पकड़ने की बात करता रहा, लेकिन एक छोटी सी चूक ने उसे बेनकाब कर दिया।