लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बख्शी का तालाब इलाके स्थित तेजस हॉस्पिटल में इलाज कराने पहुंची 12वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है, जबकि राज्य सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, छात्रा अस्पताल में इलाज के लिए गई थी। आरोप है कि वहीं कार्यरत डॉक्टर ने भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। एसीपी आकाश पांडे आरोपी को अपने साथ ले जाते नजर आए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि छात्रा इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन डॉक्टर ने उसके भरोसे को तोड़ते हुए गंभीर अपराध किया। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी।
उधर, मामले ने तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री Brajesh Pathak ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए तेजस हॉस्पिटल को सील करने के निर्देश दिए हैं।