मुंबई। बॉलीवुड ऐक्ट्रेस कंगना रनौत की हालिया तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। मंगलसूत्र और हरी चूड़ियां पहने नजर आईं कंगना को देखकर फैंस के बीच उनकी शादी की खबरें तेज हो गईं। कई यूजर्स ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या अभिनेत्री ने गुपचुप शादी कर ली है। हालांकि अब खुद कंगना ने इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कंगना रनौत एक घर से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर जाती दिखाई दीं। इस दौरान उन्होंने हल्के गुलाबी रंग का सूट पहन रखा था। माथे पर बिंदी, गले में मंगलसूत्र और हाथों में हरी चूड़ियां पहने उनका लुक लोगों का ध्यान खींचने लगा। वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर शादी को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।
इन चर्चाओं के बीच कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सफाई दी। उन्होंने बताया कि वायरल तस्वीरें उनके शूटिंग लुक का हिस्सा हैं। कंगना ने लिखा कि वह रोजाना शूटिंग के लिए अलग-अलग लुक में नजर आती हैं और किसी ने उनके कैरेक्टर वाले मेकअप लुक की तस्वीरें क्लिक कर लीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह गुपचुप शादी नहीं करेंगी।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स जहां उनकी शादी को लेकर हैरानी जता रहे थे, वहीं कई लोगों का कहना था कि यह किसी फिल्म की शूटिंग का हिस्सा हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंगना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म Queen 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं। बताया जा रहा है कि वायरल लुक इसी फिल्म से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल कंगना या उनकी टीम की ओर से शादी जैसी किसी खबर की पुष्टि नहीं की गई है। अभिनेत्री इन दिनों अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं और हाल ही में उन्होंने नई फिल्म की शूटिंग शुरू की है।