वाराणसी। वाराणसी के शिवपुर इलाके में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय (UP कॉलेज) का कैंपस अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठा। जानकारी के मुताबिक, कॉलेज के भीतर छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के दौरान एक छात्र ने पिस्टल निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक छात्र को गोली लग गई। घायल छात्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कैंपस में हंगामा
गोलीबारी की खबर फैलते ही कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और कैंपस में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई जगह तोड़फोड़ भी की गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम है, जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
पुलिस का बयान
मामले पर वाराणसी के DIG (लॉ एंड ऑर्डर) शिवहरि मीणा ने बताया कि दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जो अचानक हिंसक हो गया। एक छात्र ने गुस्से में आकर गोली चला दी, जिससे दूसरे छात्र की जान चली गई।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल पर मौजूद छात्रों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल कैंपस में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।